मिस्र की सबसे बड़ी इस्लामी यूनिवर्सिटी जामे अजहर के टॉपर्स में बरेली के गुलफाम ने जगह बनाई है। गुलफाम दरगाह आला हजरत के मदरसे मंजरे इस्लाम से पढ़ाई करने के बाद छात्र मिस्र उच्च शिक्षा लेने के लिए गए थे। छात्र को मिस्र में अवार्ड से नवाजा गया है।
मिस्र की यूनिवर्सिटी में ताजुश्शरीया ने भी तालीम हासिल की थी। दीनी तालीम में इस्लाम जगत की विश्व में सबसे बड़ी इस्लामी यूनिवर्सिटी जामे अजहर से बड़े बड़े आलिम तालीम हासिल करते हैं। आला हजरत द्वारा स्थापित मदरसा जामिया रजविया मंजरे इस्लाम से पढ़ाई करने के बाद छात्र मिस्र में उच्च शिक्षा के लिए जाते है।
दरगाह आला हजरत के प्रवक्ता मुफ्ती मो. सलीम नूरी ने बताया कि मंजरे इस्लाम से तालीम लेने के बाद छात्र मिस्र जाते हैं। 2016 में मदरसे से मोहम्मद गुलफाम रजा मंजरी को मिस्र भेजा गया था। छात्र ने मिस्र में टापर्स में जगह बनाई है। टापर्स को मिलने वाला पुरस्कार और अवार्ड से सम्मानित किया गया है।
मो. गुलफाम ने इस साल के शैक्षिक सत्र 2017-18 की परीक्षा भी उच्च श्रेणी से उत्तीर्ण की। जामे अज़हर, काहिरा, मिस्र में मंगलवार को दीक्षांत समारोह में उन्हें सम्मानित किया गया है। पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। छात्र को यूनिवर्सिटी के कुलपति डा. अहमद मोहम्मद तय्यब ने प्रशस्ति पत्र दिया है। मुफ्ती सलीम नूरी ने बताया कि दरगाह आला हजरत के प्रमुख सुब्हान रजा खां ने उन्हें मुबारकबाद दी है।